छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा: रास्ता रोककर डंडा-रॉड से हमला कर हत्या करने वाली फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, चार आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में अब तक तीन अन्य आरोपी और एक किशोर पहले ही न्यायिक रिमांड पर भेजे जा चुके हैं।

मामला ग्राम सेमरिया का है। जानकारी के मुताबिक, 9 मई 2025 को गांव में शादी समारोह के दौरान चूल माटी खोदने को लेकर मृतक देवी प्रसाद उर्फ दीवान कश्यप (42 वर्ष) और मुख्य आरोपी रामेश्वर कश्यप के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर रामेश्वर कश्यप ने अपने साथी संजीव कुमार कश्यप, दूजराम कश्यप, एक विधि संघर्षरत बालक और महिला आरोपी सरस्वती कश्यप के साथ मिलकर मृतक पर जानलेवा हमला करने की साजिश रची।

10 मई की शाम जब मृतक साप्ताहिक बाजार कर घर लौट रहा था, तभी सभी आरोपियों ने रास्ता रोककर डंडा व रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोट लगने से उसे जांजगीर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जांच में मुख्य आरोपी रामेश्वर कश्यप, संजीव कुमार कश्यप उर्फ संजू, दूजराम कश्यप को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, प्रकरण में शामिल एक विधि संघर्षरत किशोर को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

Related Articles

Back to top button