जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग के अपहरण व अनाचार मामले में माता-पिता समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण और अनाचार के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मामला 10 जनवरी 2025 का है, जब एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की जांच के दौरान CSP कविता ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने लगातार तलाश कर बालिका को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि विधि से संघर्षरत बालक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी बालक के माता-पिता को बालिका के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने आरोपी की मदद करते हुए पीड़िता को अपने पास छिपाकर रखा। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 87, 65(2), 3(5) B.N.S. व पाक्सो एक्ट की धारा 06 के तहत मामला दर्ज कर माता-पिता को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मुख्य आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।






