खनिज माफियाओं की तालिबानी सजा, युवक को खंभे से बांध बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल
बलौदाबाजार। जिले में खनिज माफियाओं की गुंडागर्दी एक बार फिर सामने आई है। गिधौरी थाना क्षेत्र के खपरीडीह गांव में खनिज माफियाओं ने एक युवक को मुखबिरी के शक में तालिबानी सजा दी। इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना 12 जून की बताई जा रही है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक को खंभे से बांधकर बेल्ट और डंडों से बुरी तरह पीटा जा रहा है। आरोप है कि युवक ने अवैध खनन की जानकारी पुलिस को दी थी, इसी शक में उसे यह सजा दी गई।
एक अन्य युवक भी उस पर डंडे से हमला करने की कोशिश कर रहा है। घटना के बाद पीड़ित युवक ने गिधौरी थाना पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





