छत्तीसगढ़

कोरबा में दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आई 5 साल की बच्ची, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह 5 वर्षीय मासूम बच्ची आकृति सारथी मालगाड़ी की चपेट में आ गई। रेलवे ट्रैक पर खून से लथपथ हालत में मिली बच्ची को राहगीरों ने देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे आनन-फानन में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आकृति के सिर पर गहरी चोट आई है और उसका इलाज जारी है। बच्ची कैसे रेलवे ट्रैक तक पहुंची, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है।

मामले में कई सवाल अनसुलझे
घटना को लेकर अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों ने बताया कि बच्ची के साथ उसके माता-पिता सहित दो अन्य लोग भी थे। हालांकि कोई भी घटना की सटीक जानकारी नहीं दे पा रहा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।

पुलिस जुटी जांच में
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि घायल बच्ची आकृति के पिता का नाम शिव सारथी है। जिला अस्पताल चौकी में मामले की सूचना दर्ज की गई है। फिलहाल परिजनों का बयान दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि बच्ची रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

Related Articles

Back to top button