जांजगीर-चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ₹27 लाख की चोरी का आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा/शक्ति, 29 मई 2025: अंतर-जिला समन्वय और जांजगीर-चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते रायपुर की एक कपड़े की दुकान से ₹27 लाख की चोरी करने वाला फरार आरोपी विजय कश्यप को थाना हसौद के मल्दा गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी एक पूर्व ड्राइवर है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा, श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) को 28 मई 2025 की रात लगभग 27 लाख रुपये की चोरी की सूचना मिली। यह चोरी रायपुर के माना क्षेत्र में गुरमुख आहूजा की कपड़े की दुकान से हुई थी। चोर, जिसकी पहचान विजय कश्यप निवासी मल्दा, थाना हसौद, जिला सक्ती के रूप में हुई, पूर्व में गुरमुख आहूजा के यहां ड्राइवर के रूप में काम करता था और उसे दुकान के दराज में रखी नकदी की जानकारी थी। चोरी को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
सूचना मिलते ही, श्री पाण्डेय ने तत्काल जांजगीर जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों को आरोपी को पकड़ने के लिए अलर्ट किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और थाना बिर्रा के उप निरीक्षक कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में थाना बिर्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। आरोपी का निवास स्थान ग्राम मल्दा, थाना हसौद, जिला शक्ति, थाना बिर्रा से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। बिर्रा पुलिस ने बीती रात ही आरोपी के निवास स्थान पर पहुंचकर उसे चोरी की रकम के बंडलों (₹500, ₹200 और ₹100 के नोट) के साथ मल्दा गांव में धर दबोचा।
चूंकि आरोपी शक्ति जिले के थाना हसौद क्षेत्र का निवासी था, बिर्रा पुलिस ने उसे थाना हसौद पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद, हसौद पुलिस ने आरोपी को रायपुर पुलिस को सौंप दिया है।





