छत्तीसगढ़

कोरबा: जयपुर जा रही यात्री बस पलटी, दो दर्जन घायल, सीमा विवाद में अटकी कार्रवाई

कोरबा: कोरबा से जयपुर के लिए रवाना हुई एक यात्री बस आज कोरकोमा बताती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार लगभग दो दर्जन यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे। इस हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद कुछ यात्री स्वयं ही बस से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शेष यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई।

दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि यह दुर्घटना दो थाना क्षेत्रों – करतला और रजगामार की सीमा पर हुई है। इसके चलते, घटना की जांच और कार्रवाई को लेकर दोनों थानों के प्रभारियों के बीच सीमा विवाद उत्पन्न हो गया है। दोनों थानों के अधिकारी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि इस घटना की जांच किस थाने के अंतर्गत की जाएगी।

Related Articles

Back to top button