वेस्टर्न डिस्टरबेंस से अगले 5 दिन आंधी-बारिश, ओले गिरेंगे:60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, रायगढ़, बस्तर में बरसा पानी, अंबिकापुर में ओले गिरे

छत्तीसगढ़ में अगले 4 से 5 दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं मौसम विभाग ने आज रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा चलेगी, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार को रायगढ़, बस्तर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, वहीं अंबिकापुर में बारिश के साथ ओले भी गिरे।
मौसम वैज्ञानिक सुनील गुप्ता के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी आने और वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ के कारण मौसम बदला हुआ है। जिसके कारण गर्मी से राहत है। कई जिलों में दिन का तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है। मंगलवार को 39.4 डिग्री के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा।
यहां मंगलवार को सुबह मौसम साफ रहा। लेकिन 4 बजे के बाद तेज हवा के साथ मौसम बदल गया। रात में भी ठंडी हवा चलती रही। मंगलवार को रायपुर में दिन का पारा 38.5 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 2 .6 डिग्री कम था। वहीं रात का पारा 22.8 डिग्री रहा।
बिलासपुर में 5 डिग्री लुढ़का पारा
यहां मंगलवार को दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा। वहीं गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा जो औसत से 4.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा जो औसत से 4.8 डिग्री कम रहा।






