जांजगीर-चांपा में प्रेशर हार्न और मोडिफाई साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्ती, दो दिन में 2.5 लाख से अधिक का समन शुल्क वसूला

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा प्रेशर हार्न और मोडिफाई साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है, जिसमें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ जुर्माना लगाया जा रहा है।
27 और 28 अप्रैल को चलाए गए विशेष अभियान में यातायात पुलिस ने कुल 15 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए उनसे ₹59,000 का समन शुल्क वसूला, जिनके दोपहिया वाहनों में प्रेशर हार्न व मोडिफाई साइलेंसर लगे हुए थे। वहीं, अन्य मामलों में — जैसे ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, चारपहिया वाहन में बिना सीट बेल्ट के ड्राइविंग और अन्य यातायात उल्लंघनों पर कुल 184 चालकों से ₹76,500 का समन शुल्क वसूला गया।
इसके अतिरिक्त, पूर्व की कार्रवाई में 11 मोडिफाई साइलेंसर वाले वाहन चालकों से ₹5,000-5,000 तथा 4 प्रेशर हार्न उपयोग करने वालों से ₹1,000-1,000 का जुर्माना लिया गया।






