जांजगीर-चांपा में यातायात पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 4 दिन में 524 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई, ₹2.28 लाख वसूले गए

जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा को लेकर जिले की यातायात पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए 4 दिनों की सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान 16 अप्रैल से 19 अप्रैल 2025 तक जिले भर में चलाया गया, जिसके दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 524 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई और ₹2,28,300 का समन शुल्क वसूला गया।
इस दौरान 29 ऐसे वाहन चालक पाए गए जो शराब पीकर वाहन चला रहे थे। इनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर वाहन जब्त किए गए और चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने वाले 18, बिना हेलमेट चलने वाले 98 और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले चालकों के विरुद्ध न सिर्फ चालानी कार्रवाई की गई, बल्कि उनके लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।






