छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा में चोरी का बड़ा खुलासा, उठाईगिरी गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बुधवारी बाजार में सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने महासमुंद जिले के उठाईगिरी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो चांदी और 19 ग्राम सोना, कुल कीमत ₹3.50 लाख के जेवर बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक (Honda Shine) भी जब्त कर ली गई है।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
गिरोह के सदस्य नाबालिग बच्चों का उपयोग कर बाजारों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। वे पहले रेकी कर व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखते और फिर नाबालिग को आगे भेजकर चोरी करवाते थे। इस बार भी उन्होंने बुधवारी बाजार में चांपा के व्यापारी गणेश सराफ के बैग से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए थे।






