जांजगीर-चांपा नगरीय निकाय चुनाव परिणाम:11 निकायों में 6 पर भाजपा जीती, कांग्रेस को 2 सीटें; निर्दलीय – 2, बसपा – 1

जांजगीर-चांपा जिले में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 11 नगरीय निकायों में से 6 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है, जबकि कांग्रेस को 2, बसपा को 1 और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई है।
जिले की तीन नगर पालिकाओं में से जांजगीर-नैला में भाजपा की रेखा देवा गढ़ेवाल और चांपा में प्रदीप नामदेव ने जीत हासिल की। अकलतरा में निर्दलीय उम्मीदवार दीप्ति रोहित सारथी विजयी रहीं।

4 नगर पंचायत में भाजपा जीती
8 नगर पंचायतों में से भाजपा ने चार पर जीत दर्ज की। राहौद में प्रतिभा शैल कश्यप, शिवरीनारायण और खरौद में भाजपा प्रत्याशी, तथा नवागढ़ में अर्चना राजकुमार देवांगन विजयी रहीं।
कांग्रेस ने बलौदा में कविता डहरिया और सारागांव में छबि सूर्यवंशी के साथ दो सीटें जीतीं। पामगढ़ में बसपा की गौरी छोटू जांगड़े और नरियरा में निर्दलीय उम्मीदवार राधिका सहगल ने जीत हासिल की।
जांजगीर-नैला में भाजपा को 15 सीट
पार्षद सीटों पर भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा। जांजगीर-नैला में भाजपा को 15, चांपा में 19 और अकलतरा में 11 सीटें मिलीं। नगर पंचायतों में भी भाजपा ने अधिकांश पार्षद सीटें जीतीं। सभी विजयी अध्यक्षों और पार्षदों को निर्वाचन आयोग द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।






