पुलिस लिखे नंबर प्लेट पर गांजे की तस्करी: यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मादक पदार्थ जब्त

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस लिखे नंबर प्लेट की बाइक से गांजे की तस्करी करने वाले दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 किलो मादक पदार्थ बरामद कर बाइक जब्त कर लिया है।
दरअसल, आज चेकिंग के दौरान जिले की यातायात पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोका। बाइक के नंबर प्लेट में पुलिस लिखा हुआ था। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो करीब 8 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसके बाद यातायात पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और सोहागपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए आरोपी विद्यासागर और मोनू ने पूछताछ में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से हाेना बताया। आरोपियों के अनुसार, वह उड़ीसा से गांजा लेकर यूपी जा रहे थे। आश्चर्य की बात यह है कि उड़ीसा से लेकर शहडोल तक के दो राज्य और दर्जन भर से अधिक थाना क्षेत्र की सीमा को पार कर आरोपी पहुंचे, लेकिन किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






