वोटिंग से पहले पकड़ा गया करोड़ों का सोना:बस्तर के रास्ते लाया जा रहा था रायपुर; जेवरात से भर गई थानेदार की मेज

आचार संहिता के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करोड़ों की ज्वेलरी बरामद हुई है। शहर के टिकरापारा इलाके में यह जेवरात मिले हैं। गहने इतनी ज्यादा तादाद में है कि थानेदार की मेज ही भर गई। पुलिस ने इसकी खबर आयकर विभाग को भी दे दी है।
सोने के जेवरात का वजन और रकम का कैलकुलेशन किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ये गोल्ड रायपुर के एक कारोबारी का है। फिलहाल कारोबारी के नाम का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है लेकिन उससे पूछताछ की जा रही है।

दस्तावेज नहीं मिले
शुक्रवार की सुबह नया बस स्टैंड में चेकिंग के दौरान पुलिस ने ये सोना पकड़ा। इतनी ज्यादा संख्या में जेवरात के पैकेट्स देख तुरंत इसे थाने लाया गया और इनकम टैक्स को जानकारी दी गई। रायपुर दक्षिण सीट पर उपचुनाव के चलते आचार संहिता लागू है लिहाजा प्रशासन भी इस पूरी कार्रवाई को मॉनिटर कर रहा है।
टिकरापारा थाने में जांच के बीच ये बात सामने आई है कि कारोबारी दो-तीन दिन पहले गोल्ड लेकर जगदलपुर गया था। वहां कुछ माल की डील हो गई, बचा हुआ सोना लेकर वो रायपुर आ रहा था। इसी बीच चेकिंग में उसे पकड़ा गया। हालांकि जांच में पुलिस को गहनों से जुड़े लीगल डॉक्यूमेंट नहीं मिले हैं।

क्या क्या मिला
- 10 से ज्यादा पैकेट में सोने की अंगूठियां हैं।
- गले में पहले जाने वाले 10-15 लाख रु के हार के कई सेट हैं।
- सोने के कड़े और चूड़ियों के साथ झुमके के भी पैकेट्स मिले हैं।
- कई तरह के लॉकेट और चेन भी बरामद की गई है।
इसी इलाके में वोटिंग होनी है बरामद हुए सामान को लेकर प्रशासन इस बात की जांच भी करेगा कि इस सोने का कनेक्शन चुनाव से जुड़ा तो नहीं है। टिकरापारा थाना इलाका रायपुर दक्षिण विधानसभा इलाके में आता है। यहीं 13 नवंबर को वोटिंग होनी है।






