रायपुर जेल कैंपस में देवेंद्र समर्थकों-पुलिस में झड़प, निकली बंदूक:बलौदाबाजार हिंसा में विधायक को 20 अगस्त तक जेल; CM बोले-वे छोटे-मोटे आदमी नहीं

बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार विधायक देवेंद्र यादव को 3 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को भिलाई स्थित निवास से कांग्रेस विधायक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें बलौदाबाजार कोर्ट में पेश किया गया।
विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा है कि, यह कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है। पुलिस ने सोच-समझ के कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव छोटा-मोटा आदमी नहीं है।


रायपुर जेल में बवाल, प्रहरी ने तानी बंदूक
देर रात पुलिस कांग्रेस विधायक देवेंद्र को रायपुर सेंट्रल जेल लेकर पहुंची। विधायक संविधान की कॉपी भी हाथ में पकड़े हुए थे और उसे दिखाते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। पुलिस और समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता कैंपस में घुस गए। हालात बिगड़ते देख जेल प्रहरी ने कार्यकर्ताओं पर बंदूक तान दी।






