बेंगलुरु में PM मोदी की सुरक्षा में चूक, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री Narendra Modi की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के मामले में कर्नाटक सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। पीएम मोदी के तय रूट के पास विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस विभाग पर सवाल उठे थे, जिसके बाद छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
PSI, ASI समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और चार कांस्टेबल शामिल हैं। इन सभी पर प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है।
10 मई को हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, 10 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे के दौरान उनके निर्धारित रूट के करीब विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं और मामले की जांच शुरू की गई थी।
एसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई
बेंगलुरु दक्षिण के पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास गौड़ा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों ने अपने दायित्वों का सही तरीके से पालन नहीं किया। वीवीआईपी सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीर माना गया है।
सुरक्षा एजेंसियों में बढ़ी सतर्कता
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पीएम के दौरों के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। मामले की विस्तृत जांच भी जारी है।






