छत्तीसगढ़

ड्राइवर से लूटपाट और मारपीट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस

कोरबा / जिले में हसदेव पुल के पास एक ट्रक चालक से लूटपाट और मारपीट करने की घटना के मामले में कोतवाली पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अलग-अलग ठिकानों से आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस निकाला और लोगों को संदेश देने की कोशिश की कि अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी.

कोरबा शहर ने एक बार फिर यह देखा कि अपने गलत इरादों का प्रदर्शन करने का अंजाम क्या होता है और इस प्रकार के मामलों में लिप्त रहने वालों का जुलूस किस तरह से पुलिस निकालती है. इन तस्वीरों में पुलिस के घेरे में नजर आ रहे चार युवक लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए हैं. इनके दो साथी नाबालिग है, जो इस जुलूस का हिस्सा नहीं बनाए गए. कोतवाली थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर को हसदेव पुल के पास कोरबा निवासी इमरान खान के ट्रक चालक से आरोपियों ने बेल्ट और अन्य चीजों से मारपीट करने के साथ ₹6000 नगदी रकम की लूटपाट की थी और भाग गए थे. मामले की रिपोर्ट के बाद जांच पड़ताल की जा रही थी.

कोतवाली थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की जिम्मेदारी पुलिस ने पूरी गंभीरता से निभाई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से 2500 रुपए बरामद हुए हैं, जबकि शेष राशि खर्च करने की बात कही गई है. इस मामले में अगली कार्रवाई पुलिस कर रही है.

Related Articles

Back to top button