जांजगीर-चांपा में 2 बाइकों की आमने-सामने टक्कर:4 गंभीर रूप से घायल; बाजार से सामान लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा

जांजगीर-चांपा जिले के खारी गांव में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया। घटना पंतोरा चौकी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी अनुसार एक बाइक में सहदेव मंझवार (40) और राजकुमार कंवर (52) गतवा गांव के बाजार से सामान लेकर घर जा रहे थे। दोनों केरा कछार पतरापाली गांव के रहने वाले हैं। वही दूसरी बाइक में दिलीप कश्यप (23) और महेश कश्यप (32) के साथ मुढ़ाहाली जिला कोरबा अपने जीजा को देखने के लिए जा रहे थे।

घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
इस दौरान खारी गांव के पास दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां चारों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।






