जांजगीर-चांपा लोकसभा में वोटिंग, 18 प्रत्याशी मैदान में

छत्तीसगढ़ में तीसरे और अंतिम चरण के लिए जांजगीर-चांपा लोकसभा में मंगलवार 7 मई को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो कि शाम 6 बजे तक चलेगी। कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेता समेत 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसके नतीजे 4 जून को आएंगे।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने किया मतदान
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने अपने मतदान केन्द्र 79 शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला नैला में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोट दिया। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस प्रत्याशी शिव कुमार डहरिया जीत रहे हैं।
जांजगीर चांपा लोकसभा में जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 10 वर्षो से पीएम नरेंद्र मोदी की कुशासन से जनता त्रस्त है। परिवर्तन की लहर उठ रही है। इस बार इनकी 400 की पर वाली बात हवा उड़ रही है। इस बार कांग्रेस की सरकार बन रही है।

जांजगीर-चांपा लोकसभा में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए 1574 जवानों की तैनाती की गई है। जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बल के 585, ओडिशा से 200, रायपुर से 200, जांजगीर चांपा से 491 और जांजगीर चांपा नगर सेना के 98 बल शामिल हैं।
जांजगीर लोकसभा में 8 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, बिलाईगढ़ और कसडोल शामिल है। जहां मतदान दल सोमवार को ही पहुंच चुके हैं।






