छत्तीसगढ़

सक्ती में नहर में बोरी के अंदर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, गर्दन पर धारदार हथियार के निशान; हत्या की आशंका

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के अड़भार चौकी क्षेत्र में नहर से बोरी के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार शाम ग्रामीणों ने नहर में पानी के साथ बहकर आ रही एक संदिग्ध बोरी देखी। शक होने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अड़भार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी को नहर से बाहर निकाला। बोरी खोलने पर उसके अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। शुरुआती जांच में मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए जाने की बात सामने आई है।

हत्या के बाद शव नहर में फेंकने की आशंका

गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को बोरी में बांधकर नहर में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित जिले के कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान नहीं हुई

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और गर्दन पर लगी चोट की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है, उसकी मौत कैसे हुई और शव को नहर में किसने फेंका। मामले में आसपास के इलाकों के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Articles

Back to top button